ABC News: कानपुर में हुए अवैध किडनी ट्रांसप्लांट के मामले की जांच कर रही पुलिस की तफ्तीश में रोजाना नए नए राज सामने आ रहे हैं. अब इस पूरे मामले मेें साइबर अपराध का बड़ा एंगल सामने आया है, जिससे पुलिस अधिकारियों के कान खड़े हो गए हैं. दरअसल, पुलिस की जांच में पता चला कि किडनी के सिंडीकेट से जुड़े अभियुक्त वॉट्सऐप और टेलीग्राप जैसी ऐप पर पहले लोगों को जोड़ते हैं और उसके बाद छोटे छोटे टास्क देते हैं.
कहा जा रहा है कि इसमें पहले युवकों को गेमिंग ऐप के जरिए फंसाया जाता था. रूपए हारने के बाद किडनी डोनेट करने के लिए मजबूर किया जाता था. मना करने पर उन्हें कई रिसर्च भी भेजी जाती थीं. पुलिस की जांच में किडनी डोनर आयुष के बारे में पता चला है कि उसे भी इस सिंडीकेट से रूपया मिला था, वह एक म्यूल अकाउंट में ट्रांसफर किया गया था. ऐसे में पुलिस की जांच की दिशा साइबर फ्रॉड के एंगल की तरफ भी मुड़ गई है. यही नहीं, जांच में पता चला कि आयुष ने खुद को एमबीए स्टूडेंट बताकर जिस इंस्टीट्यूट में होने की बात कही थी, वहां पर पूछताछ में इस तरह का कोई छात्र का एडमिशन न होने का भी पता चला है, ऐसे में आयुष ने किस वजह से झूठ बोला, इसकी जांच भी पुलिस कर रही है. डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी का कहना है कि जरूरत पडने पर आयुष को फिर से नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा. आयुष से मिलने के लिए उसकी गर्लफ्रेंड के अलावा परिवार का कोई सदस्य भी सामने नहीं आया. उनका कहना है कि पुलिस सारे एंगल पर जांच कर रही है और जेल में विवेचनाधिकारी शिवम अग्रवाल से भी पूछताछ की है.

