ABC News: कानपुर में हो रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ केडीए का अभियान लगातार जारी है. शुक्रवार को एक बार फिर 16 बीघा जमीन पर हो रही अवैध प्लॉटिंग पर केडीए का बुलडोजर चला.

ओएसडी डॉ. रवि प्रताप सिंह की अगुवाई में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ चल रहे ध्वस्तीकरण अभियान में सबसे पहले गंगा बैराज से मंधना मोड़ पर करीब साढ़े सात बीघा जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया. इसी तरह गंगा बैराज से सिंहपुर रोड पर ज्योरा गांव के पास साढ़े आठ बीघा जमीन पर हो रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया. इन दोनों ही स्थानों पर हो रही अवैध प्लॉटिंग में इन्ट्रीगेट, रोड, नाला, बाउण्ड्रीवाल, बिजली के खम्भे, पिलर, निर्माणाधीन भवन आदि ध्वस्त कर दिए गए.

केडीए के अधिकारियों द्वारा चलाए गए इस अभियान ने बिठूर रोड पर बड़े पैमाने पर अवैध प्लॉटिंग के खेल को भी उजागर किया है. इसको लेकर सवाल केडीए के अधिकारियों पर भी उठ रहे हैं, क्योंकि जिस पैमाने पर अवैध प्लॉटिंग का काम पाया गया है. वह यहां पर लंबे समय से जारी था. केडीए अधिकारियों ने थाना नवाबगंज, कल्याणपुर और बिठूर के गांवों में आठ बीघा में हो रही अवैध प्लॉटिंग को और चिंह्ति किया है.

