ABC News: करवा चौथ के पर्व को लेकर पूरे शहर में उत्साह देखा जा रहा है. पति की दीर्घायु के लिए महिलाओं की तरफ से रखे जाने वाले इस व्रत को लेकर घरों में दिनभर तैयारियां चलती रहीं.

शाम होती ही पंजाबी समुदाय की महिलाएं सज धज कर मंदिर पहुंची. इससे पहले महिलाओं ने सुबह के समय सरगी का लुत्फ उठाया. बताया जाता है कि सरगी में फेनी, मिठाई, दही, जलेबी और मीठी-नमकीन मठरी, फल आदि शामिल होते, जिन्हें दंपति सुबह उठकर एक साथ खाते हैं.

करवाचौथ पर चंद्रोदय से पूर्व मंदिरों में पहुंची सुहागिन महिलाओं ने सामूहिक रूप से कथा का आयोजन किया. कौशलपुरी स्थित सनातन धर्म मंदिर में सामूहिक रूप से की गई कथा को व्रती महिलाओं ने सुना.

इस दौरान महिलाओं के अंदर एक अलग उत्साह देखा गया. चंद्रोदय की प्रतीक्षा करती महिलाओं के साथ कई जगहों पर उनके पति भी इस पर्व में साथ देते हुए व्रत रहे.

