ABC News: कानपुर में सट्टेबाज कार में बैठकर आईपीएल मैचों में बड़े पैमाने पर सट्टे का संचालन कर रहे हैं. इस बात का पता इससे चलता है कि इससे पहले फजलगंज पुलिस ने गोविंदपुरी पुल के पास एक कार के अंदर बड़े पैमाने पर सट्टा चलते हुए पकड़ा था.
अब एक बार फिर से फजलगंज पुलिस ने कंटेनर डिपो ढाल से काली कार से पांच सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है. यह सभी कार के अंदर बैठकर आईपीएल मैच पर बड़े पैमाने पर सट्टेबाजी कर रहे थे. एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह ने बताया कि पकड़े गए लोगों में
सौरभ गुप्ता, अभिषेक मित्तल, अन्नय वत्स, शुभम विजय मेरठ के रहने वाले हैं, जबकि पांचवा अभियुक्त अभिषेक जैन कानपुर में रहता है.
यह सभी दादानगर से कंटेनर डिपो जाने वाली ढाल पर कार के अंदर बैठकर सट्टेबाजी कर रहे थे. इनके पास से एक लाख रूपए से अधिक कैश, 15 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, ब्लैक स्कॉर्पियो और रजिस्टर बरामद हुआ है. इस रजिस्टर में भी करोड़ों के लेनदेन का ब्योरा दर्ज है. बताया गया कि आरोपी मोबाइल ऐप के जरिए आईपीएल मैच पर सट्टेबाजी का कारोबार कर रहे थे.

