ABC News: कानपुर में फजलगंज पुलिस ने आईपीएल मैचों में हो रही सट्टेबाजी के बड़े मामले का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस दौरान पांच सट्टेबाजों को गिरफ्तार कर उनके पास से तीन करोड़ 91 लाख 50 हजार रूपए बरामद किए हैं. गिरोह का सरगना पुणे का युवक बताया जा रहा है.
सट्टेबाजों के पास से पुलिस को नोट गिनने और उन्हें जांचने की मशीन के अलावा छह मोबाइल, कार और अन्य उपकरण बरामद हुए हैं. पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने सट्टेबाजों के इंटरस्टेट गैंग का खुलासा करते हुए बताया कि फजलगंज पुलिस ने एक सटीक सूचना के आधार पर गोविंदनगर पुल के नीचे कार में बैठे दो युवकों को पकड़ा. मौके से पकड़े गए कार्तिक लखवानी और राजकुमार कार में बैठकर आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिला रहे थे.
पुलिस ने जब इनसे पूछताछ की तो किदवईनगर में एक किराए के घर में सट्टेबाजी के पूरे खेल की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने वहां छापा मारा और तीन और लोगों को गिरफ्तार किया. इनकी पहचान कल्पेश, रवि और विष्णु के रूप में हुई है, जो सभी गुजरात के रहने वाले हैं. मौके से पुलिस ने कुल 3 करोड़ 91 लाख 50 हजार रुपये की नकदी के अलावा छह मोबाइल फोन, नोट गिनने की मशीनों के अलावा एक सोनेट कार और अन्य उपकरण बरामद किए हैं.
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे ऑनलाइन एप के जरिए लोगों को सट्टे की आईडी मुहैया कराते थे और पूरे शहर से पैसा इकट्ठा करते थे. पुलिस के मुताबिक, इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड ‘मनीष उर्फ प्रोफेसर’ है, जो अभी फरार है. उसकी तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं. पुलिस आयुक्त ने बताया कि इस मामले की वित्तीय जांच के लिए इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को भी पत्र भेजा जा रहा है.

