ABC News: मानसून की राह निहारते कानपुर में तेज धूप और भीषण उमस ने आम जनजीवन को बेहाल कर दिया है. सुबह से तेज धूप के साथ उमस सड़क पर निकले लोगों को बेहाल करती नजर आयी. आसमान में बादलों की चहलकदमी के बावजूद प्री मानसून की बारिश के फिलहाल आसार भी नहीं दिखे रहे.
हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि मंगलवार से मानसून का कुछ असर दिखाई दे सकता है. जुलाई के पहले सप्ताह में भी बेहतर बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है लेकिन उसके पहले भीषण उमस हर किसी को पस्त करते हुए नजर आ रही है. मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि अभी इसी तरह की उमस पड़ती रहेगी, जिसमें हीट इंडेक्स लगातार बढ़ा रहेगा, ऐसे में लोगों को सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक सड़क पर निकलने से बचना चाहिए. उन्होंने बताया कि मानसून अभी बिहार में महाराजगंज के पास रूका हुआ है. हालांकि, जो परिस्थितियां बन रही हैं, वह मानसून के आगे बढ़ने के लिए बिल्कुल अनुकूल हैं,, मंगलवार और बुधवार को 10 से 15 मिमी. बारिश का पूर्वानुमान भी उन्होंने जताया है

