ABC News: कानपुर रीजन इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट अथॉरिटी (क्रीडा) को लेकर अब शासन स्तर पर कवायद शुरू हो चुकी है. इसको लेकर केडीए मुख्यमंत्री के दो सलाहकारों की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. सीएम योगी के सलाहकार अवनीश अवस्थी और आर्थिक सलाहकार डॉ. केवी राजू की अध्यक्षता में आयोजित बैठक मेें बताया गया कि क्रीडा का क्षेत्रफल एक हजार वर्ग किलोमीटर से अधिक होने की संभावना है.
इसके परिक्षेत्र का विस्तार महानगर के अलावा कानपुर देहात, औरैया, कन्नौज जिले की सीमा तक रहेगा. इसके साथ ही बांदा, फतेहपुर, जालौन और हमीरपुर जिले की सदर तहसील के क्षेत्र को भी इस अथॉरिटी में रखा जाएगा. इस दौरान कंसलटेंट ने कहा कि मेट्रो की टीओडी नीति पर कार्य होना चाहिए, सीवर सिस्टम तथा वेस्ट मैनेजमेंट के लिए बेहतर योजना के साथ उसका क्रियान्वयन आवश्यक है. सीएम योगी के आर्थिक सलाहकार अवनीश अवस्थी ने बताया कि एनसीआर की तरह कानपुर रीजन का भी इंटीग्रेटेड प्लान बनेगा.
उन्होंने बताया कि इसमें 50 से 100 किलोमीटर एरिया को जोड़ा जाएगा. उन्होंने बताया कि सीएम ने इसके लिए इंटीग्रेटेड प्लान बनाने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही कानपुर के मास्टर प्लान 2031 को भी जल्द सीएम योगी की स्वीकृति मिलने की उन्होंने संभावना जताई. वहीं, मंडलायुक्त के विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि सारी बातों पर बैठक में मंथन हुआ है. बैठक में सर्वे करने से लेकर एयरपोर्ट से लेकर लॉजिस्टिक पार्क कहां पर होगा, इस पर चर्चा हुई, रिंग रोड का भी काम शुरू हो चुका है, ऐसे में रेलवे, एनएच समेत सभी विभागों में समन्वय बनाकर काम किया जाएगा. रीजनल अथॉरिटी के प्रारुप तैयार करने के लिए एक कोर टीम गठित की जाएगी.
बताया जा रहा है कि पूरा प्रोजेक्ट बनाने में तकरीबन एक साल लग सकता है, जबकि पहले फेज का कार्य होने में अगले पांच साल तक लग सकते हैं. बैठक में केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल, डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त सुधीर कुमार समेत अन्य अफसर शामिल रहे.

