ABC News: भीषण गर्मी के बाद उमस से परेशान कानपुर के लोगों को गुरूवार शाम को जमकर राहत मिली. गुरूवार को दिनभर उमस के बाद जब शाम को आसमान पर छाए काले बादल झूमकर बरसे, तो तपिश की वजह से धधक रही धरती भी ठंडक महसूस करती नजर आयी.
शाम को हुई झमाझम बारिश का आनंद हर किसी ने लिया. इस दौरान गर्मी से परेशान लोगों ने बारिश में भीगकर मानसून का इस्तकबाल किया.
कानपुर में शाम के समय हुई मानसूनी बारिश ने एक तरफ जहां गर्मी से राहत दिलाई, वहीं मेघगर्जना और आकाशीय बिजली ने सिहरन भी पैदा की. इसके बावजूद हर किसी ने दिल खोलकर बारिश का इस्तकबाल किया.
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि अब तक सात मिलीमीटर बारिश हो चुकी है. रविवार तक इसी तरह रूक रूककर बारिश होती रहेगी.
उन्होंने बताया कि रविवार तक 30 से 40 मिलीमीटर बारिश होने का अनुमान है.
इसके अलावा मेघगर्जना और आकाशीय बिजली का भी अनुमान है. वहीं बारिश की वजह से नगर निगम की नाला सफाई पर भी सवाल उठने शुरू हो गए हैं.
ग्वालटोली में साफ किये गए सीसामऊ नाले की सिल्ट वापस उसी में बहती हुई नजर आयी, तो बिरहाना रोड समेत कई अन्य इलाकों में पहली बारिश में ही जलभराव के दर्शन होने लगे.
बारिश की वजह से साउथ सिटी के कई क्षेत्रों में पानी भरता हुआ नजर आया

