ABC News: कानपुर में ग्वालटोली थाना क्षेत्र में वीआईपी रोड पर देर रात सड़क हादसा हो गया. यहां पर परमट गेट के सामने देर रात उत्तर प्रदेश सरकार लिखी कार सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई. इससे पहले कार सवारों ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी. जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया.
वहीं, सड़क किनारे खड़ी पांच बाइक भी कार की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गईं. हादसे के समय कार में दो लोग सवार थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देर रात कार ग्रीनपार्क की ओर रेव थ्री की ओर जा रही थी. तभी दाहिनी ओर पेड़ से टकराने के बाद पलट गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. आसपास खड़ी बाइकें भी इसकी चपेट में आ गईं. हादसे के बाद सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन बिखरे देख अफरातफरी मच गई.
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और कुछ ही देर में सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना पाकर मौके पर ग्वालटोली पुलिस भी पहुंची. पुलिस ने यहां पर घायल हुए तीनों लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा. बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी तेज थी कि कार के एयरबैग तक खुल गए.

