ABC News: कानपुर में हिट एंड रन के मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है. ऐसा ही एक मामला ग्वालटोली थानाक्षेत्र का आया, जहां पर पुलिस कमिश्नर के आवास से कुछ दूरी पर तेज रफ्तार कार ने ई रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मारी.
हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया. इस घटना में ई रिक्शा चालक समेत पांच लोग घायल हो गए. उर्सला अस्पताल में इलाज के दौरान ई रिक्शा चालक की मौत हेा गई है. बताया जा रहा है कि खलासी लाइन निवासी संजय कुमार सोनकर ई रिक्शा में सवारियां बैठाकर एफएम कॉलोनी जा रहे थे. इस दौरान पीछे से एक काले रंग की कार काफी तेज गति से आती है और उनके ई रिक्शा में टक्कर मार देती है. कार की टक्कर से ई रिक्शा पलट जाता है और उसमें बैठी सवारियों में चीख पुकार मच जाती है.
हादसे के बाद स्थानीय लोग घायलों को उर्सला अस्पताल में भर्ती कराते हैं. जहां इलाज के दौरान संजय कुमार सोनकर की मौत हो गई. संजय के परिजनों ने ग्वालटोली थाने में कार चालक के खिलाफ तहरीर दी है. वहीं घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी अब सामने आया है.

