ABC News: कानपुर में परमट प्राइमरी स्कूल को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. अब यहां पर सपा मुखिया अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाने के मामले में स्कूल के प्राध्यापक को सस्पेंड कर दिया गया है. आपको बता दें कि एक जुलाई को सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने यहां पर पहुंचकर केक काटने के साथ बच्चों के बीच उपहार भी बांटे गए थे.
वहीं, कहा जा रहा है कि हेडमास्टर ने बीएसए को दिए लिखित स्पष्टीकरण में दावा किया कि एक जुलाई को सांसद ने बच्चों को ड्रेस वितरित करने के लिए कहा था लेकिन टीईटी की वजह से ऐसा संभव न होने का हवाला देकर छह जुलाई को कार्यक्रम तय हुआ. लेकिन एक जुलाई को विधायक अमिताभ बाजपेई ने बिना पूर्व सूचना के विद्यालय परिसर में आकर जबरन अखिलेश यादव का फोटो लगाया और केक काटा और बच्चों को ड्रेस वितरित की.
इसको लेकर सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने भी निशाना साधा है. इसके अलावा उन्होंने सांसद पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सांसद ने पिछले दिनों सांसद ने स्कूल जाकर बच्चों को न से नरेंद्र और म से मोदी पढ़ाया था. तो क्या यह राजनीतिक नहीं था. हेड मास्टर के जबरन आने के दावे पर सपा विधायक ने कहा कि वह लोग प्रेमपूर्वक गए थे.
इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि हेडमास्टर स्कूल टाइम में सांसद के घर पर क्या करने गए थे. उन्होंने कहा कि सत्ता का अहंकार सिर चढ़कर बोल रहा है. वहीं, बीएसए हरिओम सिंह ने बताया कि स्कूल में केक काटकर जन्मदिन मनाने का प्रकरण संज्ञान में आने पर हेडमास्टर को निलंबित किया है. उन्हें खंड शिक्षा कार्यालय से संबद्ध करते हुए प्रकरण की जांच शुरू करा दी है.

