ABC News: कानपुर में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है. बुधवार सुबह से तेज धूप के बाद दोपहर करीब तीन बजे मौसम ने अचानक ऐसी करवट बदली कि आसमान में काली घटा छा गई. जिसकी वजह से दिन में अंधेरा छा गया. दिन में अंधेरा छाने की वजह से सड़कों पर जो वाहन निकले, उन्हें भी लाइट जलाकर रास्ते में निकलना पड़ा.
काली घटा के साथ हुई बारिश ने एक बार फिर पारे को नीचे ला दिया. बारिश की वजह से लोगों को परेशानियों का भी सामना करना पड़ा. हालांकि, मौसम विशेषज्ञों ने सात और आठ अक्टूबर केा बारिश का पूर्वानुमान पहले से ही जारी किया था. इस दौरान कहीं पर धीमी तो कहीं पर तेज बारिश का असर देखने को मिला. बारिश की वजह से सड़कों का निर्माण कार्य भी प्रभावित हो गया. इस दौरान कई जगह ओले भी गिरे. मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ आया हुआ है. इसके अलावा एक ट्रफ लाइन और साईक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है.
आंधी-बारिश ने कानपुर में मचाई तबाही, पेड़-पोल गिरे
कानपुर में अचानक बदले मौसम और तेज हवाओं संग बारिश की वजह से कई जगह पेड़ और पोल गिर गए. बारिश का सबसे ज्यादा असर साउथ सिटी में देखा गया. जहां पर साकेतनगर के अलावा गोविंदनगर में कई पेड़ गिर गए.बताया जा रहा है कि साकेतनगर में जहां पर सीएम ग्रिड रोड का निर्माण हो रहा है. वहां पर एक विशालकाय पेड़ सड़क पर गिर गया. जिसमें चार बाइकें दब गईं, इसी तरह गोविंदनगर में जीएमसी कार्यालय के सामने एक के बाद एक तीन पेड़ धराशाई हो गए.
पेड़ गिरने से उसकी चपेट में आए विद्युत पोल और तार भी क्षतिग्रस्त हो गए. जिससे इलाके की विद्युत आपूर्ति भी ठप हो गई. हालांकि, गनीमत रही कि कहीं भी कोई जनहानि नहीं हुई. ,इसी तरह जूही खलवा पुल में संघ कार्यालय के पास लगा 108 फीट का पोल भी धराशाई हो गया. इस पोल में राष्ट्रध्वज तिरंगा लगा हुआ था. स्थानीय लोगों के अनुसार, आंधी आने के दौरान दो तीन बार पोल झुका और उसके बाद गिर गया. गनीमत थी कि आंधी बारिश होने की वजह से उस समय सड़क पर सन्नाटा था, तो कोई इसकी चपेट में नहीं आया.
बताया गया कि दो साल पहले यहां पर पोल लगाया गया था. स्थानीय लोगों ने पोल को किनारे कर किसी तरह यातायात सुचारू कराया. इसके अलावा विजयनगर, लाजपतनगर समेत कई अन्य जगहों पर पेड़ गिरे, आंधी बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हो गई.

