ABC News: कानपुर में हैलट अस्पताल से एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने जूनियर डॉक्टरों पर फिर सवाल खड़े कर दिए. यहां पर जूनियर डॉक्टर ने जिंदा मरीज को मृत घोषित कर उसकी सूचना स्वरूपनगर पुलिस के पास भेज दी. बाद मेें जब पुलिस के साथ परिजन यहां पर पहुंचे तो मरीज को जिंदा देखकर उनके होश उड़ गए. मामले में जांच गठित कर डॉक्टर समेत तीन लोगों को निलंबित कर दिया गया है.
बताया जा रहा है कि मामला मेडिसिन वार्ड का है. मेडिसिन वार्ड नंबर 12 में दो लावारिस रोगी भर्ती किए गए थे. बेड नंबर 42 पर विनोद और बेड नंबर 43 पर एक 60 वर्षीय वृद्ध मरीज भर्ती था. इलाज के दौरान वृद्ध की मौत हो गई. वार्ड में तैनात जूनियर डॉक्टर ने बिना पल्स चेक किए या अन्य जरूरी जांच किए फाइल विनोद की बना दी. उसे मृत घोषित करके पीआई भी भेज दी. पुलिस ने फाइल पर लिखे फोन नंबर पर संपर्क किया तो विनोद के साथी और घर वाले आ गए तो उन्हें वह जिंदा मिला. घटना की जानकारी मिलने पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. काला और प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके सिंह मौके पर पहुंचे. जूनियर डॉक्टर से जवाब तलब किया तो उसने कहा कि गलती से फाइल बन गई. बाद में फाइल दुरुस्त कराकर पीआई फिर पुलिस को भेजी गई. वहीं, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला का कहना है कि ओवरवर्क की वजह से ऐसा हुआ. दोनों पेशेंट एक ही बीमारी से संबंधित थे, ऐसे में हडबड़ाहट में गलत पीआई भर दी गई, जिसे नर्स और वॉर्ड आया ने भी चेक नहीं किया. लापरवाही पर डॉक्टर, नर्स और वार्ड आया को सस्पेंड किया गया है. इसके अलावा जांच कमेटी भी गठित की गई है, 48 घंटे में कमेटी की रिपेार्ट पर ठोस एक्शन होगा.

