ABC News: अवैध निर्माणों के खिलाफ इस समय प्रचंड रूप से बुलडोजर दौड़ा रहे केडीए अधिकारियों ने बुधवार को न्यू कानपुर सिटी के आसपास अभियान चलाया. बताया जा रहा है कि न्यू कानपुर सिटी में केडीए के स्वामित्व वाली जमीन पर प्राधिकरण के अधिकारियों ने अभियान चलाया है.

यहां पर ओएसडी सत शुक्ला की अगुवाई में जब अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलना शुरू हुआ तो हड़कंप मच गया. केडीए ने यहां पर 28 बीघे में तीन आराजियों पर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त किया. यहां पर अवैध रूप से प्लॉटिंग करने के अलावा सड़कें, नालियां, बाउंड्रीवॉल आदि का निर्माण करा लिया गया था. इसके बाद केडीए अधिकारियों ने बैराज मार्ग पर हिंदुपुर गांव में अभियान चलाया. यहां पर 42 बीघा जमीन पर अवैध रूप से प्लॉटिंग के अलावा सड़केें, नालियां, बाउंड्रीवॉल खंभे आदि बना लिए गए थे, इसके अलावा तमाम लोगों ने पक्के निर्माण भी करा लिए थे, जिसे केडीए अधिकारियों ने ध्वस्त कर दिया.

केडीए अधिकारियों ने बताया कि कुल 70 बीघा जमीन पर अवैध प्लॉटिंग और निर्माण ध्वस्त किए गए हैं.इस दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध किया तो मौजूद फोर्स ने सभी को खदेड़ दिया.यही नहीं, मामले की जांच करने के बाद अवैध प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी.

