ABC News: ग्रीनपार्क में इंडिया ए और आस्ट्रेलिया ए के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज के सफल आयोजन के बाद अब इसके कायाकल्प को लेकर कवायद शुरू हो चुकी है. इसी को लेकर ग्रीनपार्क में सांसद रमेश अवस्थी की अध्यक्षता में बैठक हुई. इस बैठक में मंडलायुक्त के विजयेंद्र पांडियन समेत अन्य अधिकारी शामिल हुए.

बैठक में सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि ग्रीन पार्क स्टेडियम का पुनरुद्धार मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है. यह स्टेडियम कानपुर की खेल पहचान और गौरव का प्रतीक है, जिसे विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित कर “ऑल वेदर स्टेडियम” के रूप में विकसित किया जाएगा. उन्होंने दर्शक क्षमता को 50,000 तक बढ़ाने, ड्रेनेज सिस्टम के उन्नयन, मीडिया सेंटर के नवीनीकरण, मल्टीलेवल पार्किंग, क्लब हाउस एवं गेस्ट हाउस जैसी व्यवस्थाओें को सुधारने पर जोर दिया. इसके अलावा बी ग्राउंड पर क्रिकेट प्रैक्टिस एरिना डेवलप करने का भी प्रस्ताव रखा.

उन्होंने यूपीसीए अधिकारियों को निर्देशित किया कि 15 अक्टूबर तक डीपीआर तैयार कर उसे प्रस्तुत करें. इसके अलावा खेल विभाग, यूपीसीए और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के लिए एक नोडल अधिकारी नामित करने को कहा. मंडलायुक्त के विजयेंद्र पाण्डियन ने कहा कि यूपीसीए आर्किटेक्ट के साथ समन्वय स्थापित कर प्रस्तावित डिजाइन को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप फ्यूचरिस्टिक स्वरूप में तैयार करे, ताकि ग्रीन पार्क स्टेडियम को पुनः अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया जा सके

