ABC News: कानपुर में जमीन विवाद में शिकायत करने वाली जिस छात्रा की हैंड राईटिंग देखकर डीएम ने उसे बड़ी सीख दी थी, उसने अब सात समंदर पार एक डॉक्टर का ध्यान भी खींचा. छात्रा की हैंड राईटिंग से प्रभावित होकर ब्रिटेन के नॉर्थैम्प्टन में रहने वाले भारतीय मूल के चिकित्सक डॉ. आशुतोष शर्मा ने उसके लिए कैलीग्राफी की पुस्तकें और विशेष पेन भेजे हैं.
डीएम ने बताया कि ब्रिटेन के नॉर्थैम्प्टन में रहने वाले भारतीय मूल के चिकित्सक डॉ. आशुतोष शर्मा ने जब सोशल मीडिया के माध्यम से शिवानी की कहानी के बारे में जाना तो वह उसकी लगन और लेखन कला से प्रभावित हुए. उन्होंने महसूस किया कि ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलना चाहिए. चूंकि उन्हें शिवानी के घर का पता ज्ञात नहीं था, इसलिए उन्होंने कैलीग्राफी की पुस्तकें, विशेष पेन तथा अन्य अध्ययन सामग्री जिलाधिकारी कानपुर के पते पर भेजी.
डॉ. आशुतोष शर्मा द्वारा भेजे गए कोरियर और पत्र के क्रम में जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने जनता दर्शन में शिवानी को आमंत्रित किया. इस दौरान उन्होंने शिवानी को कैलीग्राफी की पुस्तकें, विशेष पेन तथा अन्य सामग्री सुपुर्द की. साथ ही एक गुल्लक भी भेंट की तथा बचत की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया.
जिलाधिकारी ने शिवानी को भेजी गई पुस्तकों का गंभीरता से अध्ययन करने, नियमित अभ्यास जारी रखने तथा कैलीग्राफी के क्षेत्र में नया मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया.

