ABC News: कानपुर में गंगा एक बार फिर उफान पर आती जा रही हैं. पहाड़ों पर हो रही बारिश और सहायक नदियों से लगातार आ रहे पानी की वजह से इस सीजन में गंगा लगातार तीसरी बार बढ़त पर हैं. बताया जा रहा है पिछले कुछ दिनों से गंगा के जलस्तर में लगातार बढ़त जारी है.

गुरूवार को बैराज पर गंगा जहां चेतावनी बिंदु पार कर गईं. वहीं शुक्लागंज गेज पर चेतावनी बिंदु से वह 25 सेमी. दूर हैं. सिंचाई विभाग के आंकड़ों के अनुसार, गुरूवार को बैराज की अपस्ट्रीम पर जलस्तर 114.220 मीटर और डाउन स्ट्रीम पर 113.850 मीटर पर दर्ज किया गया. वहीं, शुक्लागंज गेज पर यही जलस्तर 112.750 मीटर पर दर्ज किया गया. वहीं, बैराज से गुरूवार को तीन लाख 61 हजार 440 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया. बताया गया कि गुरूवार को ही हरिद्वार से 62 हजार 349 और नरोरा से एक लाख पांच हजार 633 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया गया.

