ABC News: पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश और नरोरा व हरिद्वार से लगातार छोड़े जा रहे पानी की वजह से कानपुर में गंगा के वॉटर लेवल में लगातार बढ़त जारी है. बढ़ते जलस्तर का प्रभाव है कि गंगा बैराज स्थित अटल घाट में स्टील की रेलिंग पूरी तरह से डूब गई हैं. इसे देखते हुए यहां पर सतर्कता बढ़ा दी गई है. अपस्ट्रीम से तेजी से आ रहे पानी की वजह से गंगा बैराज पर जलस्तर भी काफी ज्यादा हो गया है.

गंगा बैराज की अपस्ट्रीम पर वॉटर लेवल 113.390 मीटर पर पहुंच गया है, जबकि डाउन स्ट्रीम पर 112.910 मीटर पर वॉटर लेवल शनिवार को रहा. जबकि शुक्लागंज छोर पर यह वॉटर लेवल 111.520 मीटर पर आ गया. शुक्लागंज छोर पर जब पानी 113 मीटर के आंकड़े को छुएगा तो गंगा चेतावनी बिंदु पार कर जाएंगी. इसे देखते हुए कटरी के गांवों में सतर्कता बढ़ गई हैं. सिंचाई विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को नरोरा से 37 हजार 515 और हरिद्वार से 40 हजार तीन क्यूसेक पानी छोड़ा गया. लगातार पानी आने की वजह से गंगा बैराज के सभी गेट खुले हुए हैं. बताया जा रहा है कि 24 घंटे में करीब 28 सेंटीमीटर जलस्तर और बढ़ गया है. बढ़ते जलस्तर के बाद गंगा बैराज स्थित बोट क्लब में बोटिंग भी बंद करा दी गई है. बाढ़ चौकियों को भी अलर्ट पर रखा गया है.

गंगा के बढ़ते जलस्तर के बाद अलर्ट
गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी अलर्ट पर आ गए हैं. इसी कड़ी में एसीपी कर्नलगंज ने गंगा बैराज के साथ ही गंगा के तटवर्ती गांवों का जायजा लिया.यहां पर एसीपी ने माइक से मुनादी करते हुए ग्रामीणों को बढ़ते जलस्तर के प्रति अलर्ट किया और कहा कि अगर पानी और ज्यादा बढ़ता है तो ग्रामीणों को बाढ़ राहत शिविरों में ले जाया जाएगा. ऐसे में ग्रामीण पहले से ही तैयारी कर लें. एसीपी कर्नलगंज ने बताया कि गंगा में बाढ़ आने पर सबसे पहले कटरी का चैनपुरवा गांव प्रभावित होता है. इसके साथ ही बाढ़ का पानी सबसे ज्यादा छोटा मंगलपुर, पहाड़ीपुर, लोधवाखेड़ा, रामपुर, दिवनीपुरवा, धारमखेड़ा, बड़ा मंगलपुर, नत्थापुरवा, कद्दूपुरवा, रामा निहालपुर, गंगारामपुर प्रभावित करता है, ऐसे में ग्रामीणों को पहले से ही अलर्ट किया जा रहा है.

