ABC News: कानपुर में एक बार फिर गंगा के पानी ने उफान मारना शुरू कर दिया है. तेजी से बढ़ रहे जलस्तर का पता इसी बात से चलता है कि बुधवार को गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से केवल 15 सेंटीमीटर नीचे रह गया.
माना जा रहा है कि अगर इसी क्रम से जलस्तर बढ़ता रहा तो अगले 48 घंटे में गंगा फिर से चेतावनी बिंदु पार कर सकती हैं. ऐसे में प्रशासन गंगा के जलस्तर पर लगातार निगाह रख रहा है. बुधवार को गंगा बैराज की अपस्ट्रीम पर जलस्तर 114.540 मीटर पर और डाउन स्ट्रीम पर 114.100 मीटर पर रहा. अपस्ट्रीम से आ रही हैवी फ्लो की वजह से बुधवार को गंगा बैराज से तीन लाख 97 हजार 425 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जबकि हरिद्वार से एक लाख 94 हजार 800 और नरोरा से एक लाख 72 हजार 128 क्यूसेक पानी को छोड़ा गया.
लगातार आ रहे पानी की वजह से एक बार फिर कटरी के गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. इसके पहले जब गंगा ने चेतावनी बिंदु पार कर दिया था तो करीब दस गांवों में पानी घुसने से वहां पर फसल बर्बाद हो गई थी. अब फिर से जलस्तर बढ़ने की वजह से ग्रामीण और ज्यादा परेशान देखे जा रहे हैं.

