ABC News: कानपुर में लगातार उफान पर आती गंगा अब चेतावनी बिंदु से तकरीबन सवा दो मीटर की दूरी पर रह गई हैं. गंगा के वेग को देखते हुए अटल घाट आदि जगहों पर स्नान बंद करा दिया गया है. इसके अलावा लगातार घाट पर नजर रखी जा रही हैं.

सिंचाई विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को गंगा का जलस्तर 110.650 मीटर पर दर्ज किया गया. आपको बता दें कि शुक्लागंज गेज पर चेतावनी बिंदु 113 मीटर पर है. गंगा के चेतावनी बिंदु छूते हुए कटरी के चैनपुरवा गांव को सबसे पहले खाली कराया जाता है, इसके अलावा बैराज की अपस्ट्रीम पर 112.800 मीटर और डाउन स्ट्रीम पर 111.990 मीटर पर जलस्तर रहा. शुक्रवार को गंगा बैराज से 81 हजार 373 क्यूसेक पानी छोड़ा गया. वहीं, हरिद्वार से एक लाख 50 हजार 912 क्यूसेक और नरोरा से एक लाख 63 हजार 981 क्यूसेक पानी छोड़ा गया. बताया जा रहा है कि जब यह पानी कानपुर तक आएगा तो जलस्तर चेतावनी बिंदु के पास पहुंच सकता है.

