ABC News: कल्याणपुर पुलिस ने साइबर और सर्विलांस टीम के साथ 4.93 करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड का खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 48 सिम कार्ड, एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और नकदी बरामद की है.
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि नवशील धाम फेज-2 निवासी आशीष कुमार सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने उनकी संस्था को डोनेशन दिलाने का झांसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसा लिया. आरोपियों ने उन्हें लखनऊ ले जाकर कथित तौर पर बंधक बनाया और उनके मोबाइल फोन व बैंक खातों का दुरुपयोग करते हुए संस्था के खाते से करीब 4 करोड़ 93 लाख रुपये का अवैध लेन-देन किया. इस दौरान बैंक खाते, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, ओटीपी, नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग का इस्तेमाल कर रकम विभिन्न खातों में ट्रांसफर की गई. इसी मामले की तफ्तीश करते हुए पुलिस ने तीन अभियुक्तों को पकड़ा. बताया गया कि पकड़े गए अभियुक्त शुभेन्द्र प्रकाश मिश्र उर्फ शुभम मिश्रा, राज सिंह और राहुल चौधरी हैं.
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने पीड़ित के मोबाइल में APK फाइल इंस्टॉल कर मोबाइल और बैंकिंग का पूरा एक्सेस हासिल किया. इसके बाद विदेशी हैंडलरों और अन्य साथियों की मदद से संस्था के बैंक खाते का इस्तेमाल गेमिंग प्लेटफॉर्म पर कर करोड़ों रुपये का लेन-देन किया गया. जिस खाते से फ्रॉड हुआ, उसकी जांच में पाया गया कि उससे 32 हजार अन्य खातों में पैसा ट्रांसफर हुआ. पुलिस आयुक्त ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों में राज और राहुल थाईलैंड, कंबोडिया और दुबई में काम कर चुके हैं और साइबर फ्रॉड के बारे में जानते हैं. इनके दो अन्य साथी सौरभ पांडेय और इमरान की तलाश की जा रही है.

