ABC News: विधानसभा चुनावों से पहले कानपुर में पूरा फोकस सीएम ग्रिड योजना वाली सड़कों पर देखा जा रहा है. शनिवार सुबह स्वरूनगर में मुआयना करने के बाद नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शाम को सीएम ग्रिड योजना में निर्माणाधीन सड़कों को लेकर समीक्षा की.

इस बैठक में स्वरूप नगर थाने से माता स्वरूप रानी मार्ग, लाल बंगला जेके कालोनी, किदवईनगर में सोटे वाले बाबा से दीप तिराहे तक, गुरूदेव से चिड़ियाघर रोड तक सड़क निर्माण का कार्य इसी माह तक पूरा करने औरपूरा प्रोजेक्ट 10 नवम्बर, तक पूरा करने के ठेकेदारों को निर्देश दिए गए हैं. इसी तरह सीएम ग्रिड फेस-1 के अन्तर्गत सारे प्रोजेक्ट प्रत्येक दशा में 10 नवम्बर तक पूरा करने को कहा गया है. बैठक में बताया गया कि कल्याणपुर में बगिया क्रॉसिंग वाली सड़क का काम सबसे पहले पूरा होगा. यहां पर 70 मीटर का कार्य जलकल विभाग की वजह से अधूरा है. इस पर नगर आयुक्त ने जीएम जलकल को काम को पूरा कराने को कहा है. बैठक में कहा गया कि हर हालत में सीएम ग्रिड के कार्यों को इसी माह पूरा किया जाए. इसके लिए मैन पॉवर से लेकर मशीनरी बढ़ाई जाए. सड़क डायवर्जन करते हुए कार्य में तेजी लाते हुए पूरा प्रोजेक्ट निर्धारित समय-सीमा पर पूरा हो. ऐसा न होने पर कार्यदायी संस्था के साथ अभियंताओं की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की बात कही गई है. इसके अलावा, सड़कों पर हो रहे पैचवर्क की स्थिति भी जानी गई. बैठक में व्यस्त मार्गों में ट्रैफिक की वजह से मशीनों से कार्य कराने में कठिनाई, सड़क की चौड़ाई कम होने पर मशीन से उसे ठीक कराने में आ रही दिक्कत, स्वीकृत कार्यों का वर्कआर्डर न मिलने की बात सामने आयी. नगर आयुक्त ने सारी दिक्कतों को दूर करने के साथ तेजी से पैचवर्क के निर्देश दिए हैं.

जोनल अभियंता को लगाई फटकार
इससे पहले नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने स्वरूपनगर में निर्माणाधीन सीएम ग्रिड योजना की सड़क का जायजा लिया. यहां पर काम की धीमी गति पाए जाने पर जोनल अभियंता को फटकार लगाने के साथ ही डबल शिफ्ट में मैन पॉवर और मशीनरी बढ़ाकर काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं. नगर आयुक्त ने 15 दिन में यहां का काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं.

