ABC News: कानपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब की छापेमारी के बाद अधिकारियों पर इसकी गाज गिरी है. कानपुर में तैनात अधिकारियों अपर्याप्त, समयबद्ध और शासन की मंशा के अनुरूप न पाए जाने पर दो अधिकारियों को यहां से हटा दिया गया है. जिन दो अधिकारियों को शासन ने हटाया है, उसमें सहायक आयुक्त (औषधि )दिनेश कुमार तिवारी और औषधि निरीक्षक रेखा सचान शामिल हैं. इन दोनों ही अधिकारियों को मुख्यालय से अटैच करते हुए निर्देश दिए गए हैं कि 17 नवंबर तक मुख्यायल में रिपोर्ट करें.

गौरतलब हो कि एक दिन पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने लखनऊ से आकर कानपुर में कई फर्मों में छापेमारी की थी. इसमें मेसर्स अग्रवाल ब्रदर्स के गोदाम में दवाओं के भंडारण से लेकर रखरखाव में अनियमितता पायी गई. यहां पर बड़ी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप के अलावा नशे की दवा और एक्सपाईरी दवाएं मिलीं थीं. बताया जा रहा है कि अग्रवाल ब्रदर्स के खिलाफ लखनऊ से भी काफी सबूत मिले थे, जिसके बाद आयुक्त को खुद आकर छापेमारी करनी पड़ी थी. इसके अलावा दुकान से भी कंप्यूटर को हटा दिया गया था. इसके अलावा अग्रवाल ब्रदर्स से संबंधित मेसर्स मेडिसिना हेल्थकेयर और वेदांस फार्मास्युटिकल्स में भी जांच की गई थी. इनके यहां भी कोडीन युक्त कफ सिरप और नशे वाली दवाईयां की बिक्री में अनियमितताएं मिली थीं. कोपरगंज स्थित मोसाईको एजेंसीज में भी इसी तरह की अनियमितता मिली.

जिसके बाद इन सभी फर्मों और व्यापारियों पर एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की धाराओं में एफआईआर के निर्देश दिए गए. इसके अलावा कानपुर आयी आयुक्त ने निर्देश दिए कि पूर्व में जिन दुकानों में कोडीन युक्त कफ सिरप और नशे की दवाओं के मामले में एफआईआर दर्ज करायी गई थी, उसमें एनडीपीएस की धाराएं जोड़ी जाएं. आयुक्त के तेवरों के बाद विभाग में भी हड़कंप मचा था. बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कानपुर के अधिकारियों पर हुई कार्रवाई को लेकर जानकारी दी गई.

