ABC News: कानपुर में मोतीझील का विवाद अब भाजपा संगठन से भी जुड़ गया है. नगर निगम में भाजपा मंडल मंत्री पर चोरी के आरोप और उसे पुलिस को सौंपने के बाद पहले भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने नाराजगी जताई तो महापौर ने भी उन पर पलटवार किया. इसके बाद भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने एक बार फिर महापौर पर हमला बोला है.
एबीसी न्यूज से बातचीत में भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष ने दो टूक कहा कि संगठन के कार्यकर्ताओं का सम्मान कैसे सुरक्षित रखना है, यह उनका विषय है. संगठन जब इसका जवाब मांगेगा, तो वह उसे जवाब देंगे. वह किसी अन्य व्यक्ति के प्रति जवाबदेह नहीं हैं. महापौर के दफ्तर को लेकर कहा कि वह सार्वजनिक दफ्तर है, अगर मंडल मंत्री उनके घर पर गया होता, तो अलग बात थी. अगर मंडल मंत्री उनके कमरे में चला भी गया था, तो उसे समझाकर, चाय पिलाने और उत्साह बढ़ाते हुए वापस भेजा जा सकता था लेकिन चोरी के आरोप लगाकर उसे पुलिस को सौंपना स्वीकार नहीं है. उसका सम्मान सुरक्षित रखना उनका दायित्व है. भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि जब वह तक कुर्सी पर हैं, तब तक संगठन किसी व्यक्ति के हिसाब से नहीं चलेगा. मंडल पदाधिकारियों के पार्षदों के फाइल लेकर घूमने के महापौर के कटाक्ष पर कहा कि इसमें कौन सा गलत काम हो गया. वह पार्षद के घर का काम नहीं बल्कि समाज से जुड़े कार्य का पत्र लेकर गया था,,, भाजपा जिलाध्यक्ष ने महापौर को बड़ी बहन बताते हुए कहा कि वह गलतफहमी भूल जाएं कि अन्य अध्यक्षों जैसा मैं भी हूूं. मेरी कार्यशैली में कार्यकर्ता प्रधान है.

