ABC News: सरकारी योजनाओं में होने वाले निर्माण कार्यों में हो रहे घालमेल को पकड़ने का सिलसिला जारी है. डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के इस रूख से विभागों के अफसरों में हड़कंप मचा है. हालत यह है कि डीएम जिस निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंच रहे हैं, वहां पर बारीक से बारीक गड़बड़ी भी वह पकड़ने में जुटे हैं.
इसी कड़ी में गुरूवार को डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह छावनी में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की तरफ से बनाई जा रहे सार्वजनिक बरात घर सद्भाव मंडप का निरीक्षण करने पहुंचे. 2.34 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन सद्भाव मंडप का कार्य जनवरी 2020 में शुरू हुआ था लेकिन पांच साल बीतने के बावजूद अभी तक यह बन नहीं पाया है. जबकि अगस्त 2023 में शासन सारी रकम जारी कर चुका है. डीएम के निरीक्षण में कार्य की क्वालिटी काफी घटिया मिली, यहां पर जो टाइलिंग की गई, वह बेतरतीब मिले. सही से उसकी लेवलिंग भी नहीं की गई. सीढ़ियों की हालत भी खराब पायी गई. दीवारों का प्लास्टर अभी से झड़ने लगा है और साइड की दीवार में नमी भी आने लगी. इसके अलावा स्टील फ्रेम भी जंग लगे मिले.

इन सारी स्थितियों पर डीएम ने वक्फ विकास निगम के अधिकारी रिजवान खान पर जमकर नाराजगी जताई. डीएम ने दो टूक कहा कि यहां पर काफी घटिया काम हुआ है, ऐसेे में वह निगम के एमडी से रिजवान खान के खिलाफ एक्शन लेने की संस्तुति करेंगे. साथ ही जो अनियमितता बरती गई है, उसकी रिकवरी भी उनसे की जाए, इसकी भी संस्तुति की जाएगी.

