ABC News: कानपुर में 24 अप्रैल को पीएम नरेंद्र मोदी घाटमपुर पॉवर प्लांट की पहली यूनिट का लोकार्पण करेंगे. इसको लेकर सीएम योगी ने कानपुर पहुंचने के बाद सबसे पहले घाटमपुर पॉवर प्लांट का जायजा लिया. यहां पर पॉवर प्लांट के अफसरों के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ ने परिसर का निरीक्षण करने के साथ बैठक की.

पॉवर प्लांट के अफसरों ने बताया कि इसकी क्षमता 1980 मेगावॉट की है, जिसमें 660 मेगावॉट की तीन इकाई होंगी. पहली यूनिट का 24 अप्रैल को लोकार्पण किया जाएगा, जिसकी क्षमता 660 मेगावॉट है और लागत 9337.68 करोड़ रूपए है. बताया गया कि पूरे पॉवर प्लांट की लागत 21780.94 करोड़ रूपए है. परियोजना का संचालन कोयला मंत्रालय, भारत सरकार और ऊर्जा विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा किया जा रहा है.

कार्यदायी संस्था नेयवेली उत्तर प्रदेश पॉवर लिमिटेड NLCIL और UPRVUNL का संयुक्त उपक्रम) है. इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने पॉवर प्लांट अफसरों को निर्देश भी दिए और बाकी दो यूनिटों के लिए भी तेजी से कार्य करने को कहा. सीएम योगी ने यहां पॉवर प्लांट अफसरों के काम को भी सराहा.

