ABC News: कानपुर में दीपावली की रात सपा प्रत्याशी नसीम सोलंकी के पीरोड स्थित वनखंडेश्वर मंदिर में जाने को लेकर सियासत तेज हो गई है. महादेव के जलाभिषेक और पुष्पार्चन की तस्वीरें जब वायरल हुईं तो सपा प्रत्याशी नसीम सोलंकी के खिलाफ बरेली से फतवा जारी हो गया. इस फतवे के जारी होने के बाद शनिवार को एक बार फिर दूसरी तरह से प्रतिक्रिया सामने आयी और वनखंडेश्वर मंदिर में गंगाजल छिड़ककर शुद्धीकरण किया गया.

यही नहीं, मंदिर परिसर और शिवलिंग को भी गंगाजल से धोया गया. वनखण्डेश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी रामनरेश मिश्र का कहना है कि नसीम के मंदिर में आने से भक्तों में आक्रोश है. उन्होंने इस बात पर नाराजगी जताई कि मंदिर को राजनीति का अड्डा बनाया जा रहा है. आपको बता दें कि नसीम सोलंकी के शिवलिंग की पूजा करने पर उनके खिलाफ आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी ने फतवा जारी किया है. फतवे में कहा गया कि नसीम सोलंकी ने जो किया इसकी शरीयत इजाजत नहीं देता है. उन्हें माफी के लिए तौबा करके कलमा पढ़ना होगा. इसको लेकर शनिवार को आक्रोश देखा गया और हरिद्वार से एक हजार लीटर गंगाजल मंगाकर मंदिर का शुद्धीकरण किया गया.

विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि नसीम सोलंकी वनखंडेश्वर मंदिर आकर पूजन कर गईं. इसके बाद उनके खिलाफ फतवा जारी हो गया, जबकि सनातन धर्म में ऐसा नहीं है कि अगर कोई किसी अन्य धर्म के धर्मस्थल में जाता है तो उसके खिलाफ इस तरह की बातें नहीं की जातीं. यही नहीं, आरोप है कि फतवा जारी होने के बाद नसीम सोलंकी ने माफी भी मांगी. मंदिर के महंंत का कहना है कि नसीम सोलंकी ने माफी मांगकर दोहरा चरित्र दिखाया है. कहा गया कि अगर इस तरह से बंटवारा किया जा रहा है तो फिर क्या एक ही धर्म के लोगों से वोट भी मांगा जाएगा.

