ABC News: भीषण गर्मी में कानपुर में आग लगने की घटनाओं में लगातार इजाफा होता जा रहा है. रविवार सुबह साईकिल मार्केट में अचानक चार दुकानों में भीषण आग लग गई. सुबह का समय होने की वजह से उस समय सभी दुकानें बंद थी.
स्थानीय लोगों का कहना है कि साईकिल मार्केट की दुकानों के उपर से हाईटेंशन लाइन जा रही है. पिछले कुछ दिनों से इसमें काफी ज्यादा आवाज आ रही थी, जिस पर संबंधित सबस्टेशन में शिकायत की गई थी, इस पर केस्को अफसरों ने सोमवार को लाइन को सही कराने की बात कही थी. स्थानीय लोगों का कहना है कि यही लाइन सुबह के समय टूट कर दुकानों की छत पर गिरी. छत पर सूखी लकड़ी और छप्पर पड़ा होने की वजह से उसने आग पकड़ ली और करीब आधा दर्जन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया.
थोड़ी ही देर में यहां पर मौजूद एक कबाड़ और आटो मोबाइल दुकान में लपटें निकलने लगी. सूचना पर दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची. इस दौरान दमकल जवानों ने दुकान के अंदर रखे आक्सीजन सिलेंडर को तत्परता से बाहर निकला. एफएसओ कर्नलगंज का कहना है कि समय रहते सभी दुकानों में लगी आग पर काबू पा लिया गया है.

