ABC News: कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गूबा गार्डन में बुधवार तड़के बड़ा हादसा हो गया. यहां पर सीवर टैंक की सफाई करने उतरे पिता और पुत्र की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई. वहीं, एक अन्य मजदूर सीवर टैंक से पहले ही बाहर आ गया, जिससे वह सकुशल बच गया. पिता-पुत्र की एक साथ मौत से उनके परिवार में कोहराम मच गया है.
मृतकों की शिनाख्त कल्याणपुर निवासी जावेद और उसके पुत्र आकिब के रूप में हुई है. दोनों बुधवार तड़के गूबा गार्डेन में सीवर टैंक की सफाई करने उतरे थे. बताया जा रहा है कि टैंक के भीतर जमा जहरीली गैस का प्रभाव इतना ज्यादा था कि दोनों मजदूर देखते ही देखते बेहोश हो गए. जब काफी देर तक अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी. हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया. मौके पर भारी पुलिस बल के साथ सीएफओ दीपक शर्मा, डीसीपी, एसीपी, स्थानीय थाना प्रभारी, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस पहुंचीं. काफी मशक्कत के बाद दोनों को टैंक से बाहर निकाला गया और तुरंत एम्बुलेंस के जरिए हैलट अस्पताल भेजा गया,, यहां पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. कल्याणपुर एसीपी आशुतोष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण सीवर टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस का रिसाव लग रहा है,, वहीं, इस घटना ने एक बार फिर सीवर सफाई के दौरान सुरक्षा उपकरणों की अनिवार्यता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

