ABC News: महाराजपुर थाना क्षेत्र के हाथीगांव में हाथीगांव में किसान की धारदार हथियार से गर्दन काटकर नृशंस हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि मृतक ट्यूबवेल पर अकेला रहता था. आशंका जताई जा रही है कि हत्यारोपियों ने पहले शराब पी और उसके बाद किसान की बेरहमी से हत्या की.
पुलिस के अनुसार, महाराजपुर के हाथीगांव निवासी लगभग हरिमोहन यादव गांव के ही अनिल सिंह के खेतों में ट्यूबवेल पर रहते थे. वो वहां खेतों के साथ ट्यूबवेल की देखरेख का काम करते थे. गुरुवार सुबह उनका रक्तरंजित शव ट्यूबवेल के बाहर चारपाई के नीचे पड़ा था. जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि धारदार हथियार से गर्दन काटकर उनकी हत्या की गई है. सूचना पाकर डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता, थाने की फोर्स और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची. पुलिस को घटनास्थल के पास शराब की बोतल व डिस्पोजल मिला है. उससे कयास लगाए जा रहे हैं कि आरोपितों ने पहले शराब पी और उसके बाद बेरहमी से हत्या की. परिजनों ने बताया कि रात करीब दस बजे छोटी बहू प्रियंका ने हरिमोहन को खाना खाने के लिए फोन किया था, तब आखिरी बार बातचीत हुई थी.
इस बीच, पुलिस बिना फॉरेंसिक टीम और जांच के शव उठाकर ले जाने लगी, तो परिजन आक्रोशित हो गए. शव उठाने को लेकर पुलिस और परिजनों के बीच झड़प भी हुई. परिजनों ने गांव के तीन लोगों पर हत्या की आशंका जताई है, डीसीपी पूर्वी का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है.
लोडर चालक की सिर कूचकर हत्या
बाबूपुरवा थानाक्षेत्र में घर से निकले लोडर ड्राइवर की सिर कूचकर हत्या कर दी गई. लोडर चालक के काफी देर तक घर न आने पर जब परिजनों ने तलाश की तो उसका शव डिग्गी तालाब के पास स्थित रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला. घटना की जानकारी पर आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हैलट अस्पताल भिजवाया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान साईपुरवा निवासी साहिल के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, गुरूवार सुबह वह टॉयलेट के लिए घर से बाहर निकला था. काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. इसके बाद घर से कुछ दूर डिग्गी तालाब के पास रेलवे ट्रैक के किनारे उसका शव पड़ा हुआ था. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास जांच पड़ताल करायी है. पुलिस का कहना है कि परिजनों ने इलाके के एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है, घटना के बाद से आरोपी फरार है. पुलिस उसके परिजनों से पूछताछ कर रही है.

