ABC News: कानपुर में पांडु नदी के किनारे बर्रा आठ में खाली प्लॉट में युवक की हत्या कर फेंके गए शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में मृतक के तीन दोस्तों को गिरफ्तार किया है, जोकि उसके साथ ही पान मसाला फैक्ट्री में काम करते थे. डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि मृतक विपिन तिवारी की हत्या की जांच में सामने आया कि डिफेंस कॉरीडोर में उसकी जमीन जाने पर उसे दो करोड़ रूपए मुआवजा मिला था.
यह बात उसके साथी मनोज दीक्षित, अरविंद और प्रदीप को पता थी, जिस पर तीनों ने मिलकर योजना बनाई. इसके बाद करीब चार दिन पहले जब विपिन फैक्ट्री आ रहा था तो मनोज ने कॉल कर उसे रास्ते में रोक लिया, इसके बाद तीनों आरोपी आटो से पहुंचे और उसके साथ में बैठाया, इस दौरान तीनों ने कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा मिलाकर उसे पिला दी और फिर शराब ठेके गए. यहां पर शराब पीने के बाद तीनों ने विपिन को पेमेंट करने को कहा. विपिन ने जब आनलाइन पेमेंट किया तो आरोपियों ने उसके मोबाइल का पासवर्ड देख लिया. इसके बाद वह जरौली के होटल गए और बेहोश विपिन के मोबाइल से उन्होंने छह हजार रूपए अपने पास ट्रांसफर भी कर लिए. इस बीच विपिन को होश आ गया और उसने विरोध करना शुरू कर दिया. राज खुलने के डर से तीनों ने विपिन के गले में रस्सी बांधकर उसकी हत्या कर दी और फिर पांडु नदी किनारे फेंक दिया. इसके बाद अगले दिन वह बाइक से मौके पर यह देखने पहुंचे कि वह मरा है कि नहीं. डीसीपी साउथ ने बताया कि सर्विलांस और 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद पुलिस आरोपियेां तक पहुंच गई.

