ABC News: रेलबाजार थानाक्षेत्र के फेथफुलगंज में अचानक हुए विस्फोट से दहशत फैल गई. घर के अंदर हुए धमाके में कबाड़ का काम करने वाले युवक की दर्दनाक मौत हो गई. विस्फोट की सूचना डीसीपी पूर्वी समेत फोर्स, फोरेंसिक टीम और एक्सपर्ट भी यहां पर जांच के लिए पहुंच गए. बताया जा रहा है कि विस्फोट की यह घटना फेथफुलगंज के गोरा कब्रिस्तान वाली गली में हुई.

यहां पर रहने वाला मोहम्मद रउफ कबाड़ का काम करता था. एक कमरे के घर में यहां पर रउफ अपने परिवार के साथ रहता था. बताया जा रहा है कि मंगलवार को वह कबाड़ की फेरी लगाकर आया और उसके बाद घर आ गया. थोड़ी ही देर में अचानक से तेज धमाका हुआ तो यहां पर आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई.

जब लोगों ने अंदर जाकर देखा तो विस्फोट के बाद रउफ का क्षत विक्षत शव अंदर पड़ा. घर में रखा सामान बिखरा था और यहां पर लगे शीशे भी टूट गए. इसको लेकर पहले तो सिलेंडर में ब्लास्ट की आशंका जताई गई लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुंची तो सिलेंडर में धमाके का मामला नहीं पाया गया. सूचना पर डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह समेत फोर्स, फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची.

फोरेंसिक टीम ने यहां से कई साक्ष्य एकत्र किए हैं. विस्फोट कैसे हुआ, इसको लेकर डीसीपी पूर्वी का कहना है कि इसका पता लगाया जा रहा है. माना जा रहा है कि कबाड़ में ही कोई ऐसी वस्तु रही होगी, जिससे धमाका हुआ है.
उन्होने कहा कि सारी घटना की जांच कराई जा रही है.

