ABC News: कानपुर में समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेयी के सत्याग्रह पर अब भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने हमला बोला है. उन्होंने सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी पर हमला करते हुए कहा कि सत्याग्रह के बहाने वह अपने चेहरा चमकाने और राजनीतिक रोटी सेंकने का काम कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि पेपर लीक को लेकर सरकार चर्चा को तैयार है, जल्द ही इसको लेकर सख्त कानून भी आएगा लेकिन अमिताभ बाजपेयी को समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल को याद रखना चाहिए. भाजपा विधायक ने कहा कि सपा सरकार में नकल के ठेके दिए जाते थे. जाति और क्षेत्र विशेष के लोगों को कागजों पर व्हाटइनर लगाकर नौकरी दी जाती थी. विधानसभा का घेराव करने पर युवाओं और छात्रों पर लाठियां चलती थीं. एक दिन पहले पुलिस घेरे से भागने वाले मामले को लेकर तंज कसते हुए सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि उन्हें लग रहा है कि कहीं अमिताभ बीजेपी की तरफ तो नहीं आ रहे हैं, भाजपा विधायक ने फिलहाल पार्टी में किसी के लिए रिक्त स्थान न होने की बात कही.

