ABC News: कानपुर-लखनऊ हाईवे पर शुक्रवार शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. यहां पर जाजमऊ रामादेवी फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य में जुटे एनएचएआई कर्मचारियों को तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी,, हादसे में एक कर्मचारी की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है.
बताया जा रहा है कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब एनएचएआई के कर्मचारी जाजमऊ से हरजिंदर नगर के बीच केस्को के छबीलेपुरवा सबस्टेशन के सामने स्थित फ्लाईओवर पर मेंटीनेंस का काम कर रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब साढ़े पांच बजे तेज रफ्तार डीसीएम वहां आई और काम में जुटे कर्मचारियों को बेरहमी से रौंदते हुए निकल गई. इसके बाद तो यहां पर कोहराम मच गया. घटना के समय बारिश भी काफी तेज हो रही थी. स्थानीय निवासियों की सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंची.
इस बीच, एक कर्मचारी की मौके पर मौत हुई, जिसकी पहचान हनुमंत विहार निवासी मोहित यादव उर्फ सिद्धार्थ के रूप में हुई. मृतक के परिजनों ने बताया कि वह ठेकेदार के साथ मिलकर हाईवे पर मेंटीनेंस का काम देखता था. वहीं, चार अन्य घायलों को उपचार के लिए कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया. घायलों में गढ़ेवा बिधनू निवासी जयप्रकाश, वीरेंद्र, फतेहपुर निवासी उदय राज और एक अज्ञात शामिल हैं. हालांकि, चारों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया.

