ABC News: कानपुर में गंगा के जलस्तर में तेजी से बढ़त का दौर जारी है. सोमवार केा गंगा का जलस्तर और बढ़कर चेतावनी बिंदु के करीब पहुंच गया. इसको लेकर अब प्रशासनिक मशीनरी भी हर 12 घंटे में जलस्तर के आंकड़े को रिकॉर्ड करने में जुट गई है.
बताया गया कि सोमवार को गंगा का जलस्तर 112.300 मीटर पर पहुंच गया, जोकि चेतावनी बिंदु से 700 सेंटीमीटर नीचे है. वहीं, गंगा बैराज की अपस्ट्रीम पर 113.800 मीटर और डाउन स्ट्रीम पर 113.600 मीटर पर जलस्तर पहुंच गया है. आपको बता दें कि सिंचाई विभाग पहले ही गंगा में बाढ़ के संभावित खतरे को देखते हुए कटरी के करीब डेढ़ दर्जन गांवों को अलर्ट कर चुका है. यही नहीं, बैराज से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा में लगातार इजाफा हो रहा है.
सोमवार को गंगा बैराज से तीन लाख 15 हजार 702 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जोकि इस सीजन का सर्वाधिक है. वहीं, हरिद्वार से एक लाख 24 हजार 249 क्यूसेक और नरोरा से तीन लाख पांच हजार 31 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जोकि अगले तीन दिनों में कानपुर तक पहुंचेगा. प्रशासन का कहना है कि ग्रामीणों को बाढ़ के खतरे को लेकर अलर्ट करते हुए सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है.

