ABC News: रसोई गैस को लेकर मची हायतौबा के बीच प्रशासन ने पैनिक बुकिंग को लेकर जो आंकड़ा जारी किया है, वह हैरान करने वाला है. आपूर्ति विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष 11 से 15 मार्च तक रसोई गैस सिलेंडरों की जो बुकिंग हुई थी, उसका आंकड़ा इस साल तीन गुना ज्यादा बढ़ गया. महज पांच दिनों में सिलेंडरों की बुकिंग का आंकड़ा 1.76 लाख से बढ़कर 4.90 लाख तक पहुंच गया. इस दौरान 14 मार्च को 1,01,628 और 15 मार्च को 1,02,526 सिलेंडरों की बुकिंग दर्ज की गई, जो सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक बताई गई है.

हालांकि, इस बात का दावा किया गया है कि घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और उपभोक्ताओं को बुकिंग के क्रम के अनुसार नियमित रूप से सिलेंडरों की होम डिलीवरी की जा रही है. जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा एक साथ बुकिंग कराए जाने के कारण बुकिंग का आंकड़ा अधिक दिखाई दे रहा है, जबकि सिलेंडरों की आपूर्ति पिछले वर्ष की भांति ही है. जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि 11 से 15 मार्च 2025 के बीच जनपद में कुल 1,76,722 गैस सिलेंडरों की बुकिंग हुई थी, जबकि इसी अवधि में वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 4,90,658 हो गई. उन्होंने बताया कि सिलेंडरों की डिलीवरी लगभग सामान्य स्तर पर है. 11 मार्च 2025 को 20,224 सिलेंडरों की डिलीवरी हुई थी, जबकि 11 मार्च 2026 को 17,454 सिलेंडर वितरित किए गए. 12 मार्च 2025 को 28,999 के मुकाबले 12 मार्च 2026 को 19,353 सिलेंडर दिए गए. 13 मार्च 2025 को 30,977 सिलेंडर वितरित हुए थे, जबकि 13 मार्च 2026 को 26,883 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई. 14 मार्च 2025 को 18,200 के मुकाबले 14 मार्च 2026 को 28,457 सिलेंडर वितरित किए गए. इसी प्रकार 15 मार्च 2025 को 17,100 सिलेंडरों की डिलीवरी हुई थी, जबकि 15 मार्च 2026 को 25,126 सिलेंडर वितरित किए गए. जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के माध्यम से नियमित रूप से सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है. प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों की लगातार निगरानी की जा रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जिसकी बुकिंग पहले है उसे पहले सिलेंडर मिले. बुकिंग के क्रम के अनुसार ही उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी दी जा रही है. वहीं, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने अपील करते हुए कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर आपूर्ति को लेकर लोग किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक पैनिक बुकिंग से बचें.

