ABC News: कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में बड़ा हादसा हो गया. यहां पर रक्षाबंधन के दिन एक घर की जमीन अचानक धंस गई और युवती यहां पर बने गड्ढे के अंदर गिर गई. बताया जा रहा है कि घर के आंगन में करीब 20 फीट गहरा गड्ढा हो गया. हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई.
आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए. परिजनों के मुताबिक, करीब तीन साल पहले घर के अंदर बोरिंग कराई गई थी. आशंका है कि उसी बोरिंग की वजह से जमीन के नीचे मिट्टी कमजोर हो गई और आंगन का हिस्सा धंस गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया. युवती को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है. घटना पुरवामीर में रहने वाले विनोद सविता के घर की है.
उनका कहना है कि घर में रक्षाबंधन की तैयारियां चल रही थीं. सुबह उनकी बेटी यशी जब तालाब में पूजन सामग्री प्रवाहित करने जाने की तैयारी कर रही थी. इसी दौरान उसके बाहर निकलते ही आंगन की जमीन अचानक धंस गई. मिट्टी खिसकने से वहां बड़ा गड्ढा बन गया और यशी उसमें गिर गई. विनोद ने बताया कि करीब 3 साल पहले घर के अंदर बोरवेल के लिए बोरिंग कराई गई थी. आशंका है कि पुरानी बोरिंग की वजह से जमीन के नीचे मिट्टी कमजोर हो गई होगी. इसी कारण आंगन का एक हिस्सा अचानक धंस गया.
हादसे की जानकारी मिलते ही महाराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. पुलिस और राहत टीम ग्रामीणों की मौजूदगी में गड्ढे के आसपास बचाव कार्य में जुटी है.

