ABC News: जलकल विभाग के अधिकारी इस समय पार्षदों के निशाने पर हैं. महापौर की चेतावनियों के बावजूद जलकल विभाग के अधिकारियों पर कोई शिकन नहीं दिखी, जिसके बाद अब पार्षद विभिन्न तरीकों से जलकल अधिकारियों को घेरने में लगे हैं. एक दिन पहले जूही में दूषित वॉटर सप्लाई के विरोध में भाजपा की महिला पार्षद के अधिकारी की कुर्सी की आरती उतारने के बाद गुरूवार को एक और पार्षद ने मोर्चा खोल दिया.

इस बार कलक्टरगंज के पार्षद शिवम दीक्षित जलकल अधिकारियों के रवैये से परेशान होकर धरने पर बैठ गए. क्षेत्रीय जनता के साथ धरने पर बैठे पार्षद शिवम दीक्षित ने यह आरोप लगाया कि जिन समस्याओं को लेकर वह धरने पर बैठे हैं, उसको लेकर जलकल विभाग के अधिकारी कानों में तेल डालने के साथ रूई डालकर भी बैठ गए हैं. उन्होंने कहा कि मथुरी मोहाल में सीवर समस्या लंबे समय से है. अधिकारियों को इसका समाधान भी बता दिया गया लेकिन जलकल विभाग के अधिकारी कुछ करना ही नहीं चाहते हैं. पार्षद के धरने पर बैठे होने की जानकारी पाकर जलकल विभाग के सचिव मौके पर पहुंचे और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया. पार्षद ने कहा कि अगर एक महीने में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो अगली बार बेनाझावर स्थित मुख्यालय पर वह अनशन पर बैठ जाएंगे.

