ABC News: महाराजपुर थानाक्षेत्र के सरसौल में रॉन्ग साइड से आ रहे कंटेनर ने जमकर अपना कहर बरपाया. कंटेनर ने बाइक सवार मां और बेटे को टक्कर मार दी. हादसे के बाद दोनों करीब 20 फभ्ट तक उछलकर गिरे, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे से पहले कंटेनर ने एक कार और बाइक में भी टक्कर मारी, जिसमें दो लोग घायल हो गए.

हादसा सरसौल ओवरब्रिज के पास हुआ. बताया जा रहा है कि करीब पांच किलोमीटर तक कंटेनर रॉन्ग साइड में दौड़ता रहा. जानकारी के मुताबिक, कंटेनर ने सबसे पहले नगरा मोड़ के पास कार में टक्कर मारी, जिससे कार सवार बाल बाल बच गए. इसके बाद सामने से आ रही एक बाइक में टक्कर मारी, जिसमें बैठे हुए दो युवक घायल हो गए. इसके बाद सरसौल ओवरब्रिज के पास कंटेनर ने बाइक सवार कल्याणपुर निवासी राघवेंद्र सिंह और उनकी मां मुन्नी देवी को टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि मां-बेटा उछलकर 20 फीट दूर जा गिरे. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. परिजनों ने बताया कि राघवेंद्र पेशे से अधिवक्ता थे और मां को लेकर बिंदकी, फतेहपुर स्थित ननिहाल जा रहे थे. हादसे के बाद राहगीरों ने कंटेनर को दौड़ा कर रोक लिया और कंटेनर चालक की धुनाई के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया.

