ABC News: कानपुर में खाकी के दामन पर लगने वाले दाग कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं. ऐसा ही एक और मामला सामने आया है, जिसमें महिला ने सिपाही पर आरोप लगाया कि उसने दुष्कर्म के केस से बचने के लिए पहले उसके साथ शादी की और शादी के तीन महीने बाद घर से भगा दिया.विभाग पर भी आरोपी सिपाही को बचाने का महिला ने आरोप लगाया और पुलिस आयुक्त दफ्तर के पास वह बैठ गई. महिला के हंगामे की जानकारी पाकर एडीसीपी महिला अपराध आयीं, तो महिला इंसाफ की गुहार को लेकर उनके पैरों पर गिर पड़ी.

कल्याणपुर के बारासिरोही वकील नगर में रहने वाली महिला ने बताया कि कौशांबी के सिराथू निवासी अभिषेक कुमार मौर्या इस समय पनकी थाने में तैनात है. महिला का कहना है कि साल 2022 में सिपाही ने शांदी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए. जब वह गर्भवती हो गई तो जबरन उसका गर्भपात करा दिया और फिर शादी से मुकर गया. उसने जब थाने में सिपाही के खिलाफ रेप और जबरन गर्भपात कराने की शिकायत दर्ज करायी, तो मुकदमें से बचने के लिए उसने अप्रैल 2023 में आर्य समाज मंदिर में उसके साथ शादी की और उसका कोर्ट में रजिस्ट्रेशन भी कराया. इसके बाद तीन महीने उसे अपने साथ अयोध्या में तैनाती के दौरान रखा और फिर मारपीट कर घर से भगा दिया. आरोप है कि सिपाही ने मुकदमे से बचने के लिए मजबूरी में शादी की. इसके बाद उसने पनकी थाने में एफआईआर दर्ज करायी. आरोप है सिपाही की मिलीभगत के चलते पुलिस ने उसे गर्भपात जैसी गंभीर धारा से राहत दे दी और गिरफ्तारी नहीं की. शुक्रवार के जब महिला पुलिस आयुक्त दफ्तर आयी तो आरोपी सिपाही की बाइक वहीं पर खड़ी मिली. इस पर महिला भड़क गई और हंगामा करने लगी. काफी देर तक चले हंगामे के बाद एडीसीपी ने आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया. एडीसीपी ने बताया कि आरोपी सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने के आदेश पनकी थानाध्यक्ष को दिए हैं. मामले में जल्द सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
