ABC News: कानपुर की घनी आबादी वाली कपड़ा बाजार जनरलगंज में देर रात चोरों ने एक साड़ी दुकान में शटर काटकर लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरी करते समय चोर इतने बेफिक्र थे कि उन्होंने पीड़ित व्यापारी के बिजली के मीटर से कनेक्शन लेकर उसकी दुकान के शटर को इलेक्ट्रिक कटर के जरिए काटा और फिर अंदर जाकर लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दिया.
जनरलगंज कपड़ा बाजार में चोरी के बाद से व्यापारियेां में आक्रोश फैला हुआ है. व्यापारी आश्चर्य इस बात पर जता रहे हैं कि जब शटर को इलेक्ट्रिक कटर से काटा गया होगा तो आवाज जरूर हुई होगी लेकिन उसका पता किस तरह से आसपड़ोस के लोगों को नहीं हो पाया. चेारी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरेां में कैद हुई है. बताया जा रहा है कि यहां पर में चोरी की यह वारदात विनोद साड़ी सेंटर में हुई है.
व्यापारियों का कहना है कि शनिवार को दुकान बंद करने के बाद रविवार को छुट्टी की वजह से मार्केट बंद रहती है.सोमवार सुबह दुकान के पड़ोस में रहने वाले बहादुर नाम के शख्स से विनोद साड़ी सेंटर में चेारी की जानकारी दी. सुबह जैसे ही इस बात की जानकारी मिली, एक-एक कर व्यापारी यहां पर पहुंचने लगे.
व्यापारियों ने देखा कि चोरों ने इलेक्ट्रिक कटर के जरिए दुकान के शटर में पहले बड़ा छेद किया और फिर उसके बाद अंदर जाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया. पीड़ित व्यापारी का कहना है कि आठ लाख रूपए की चोरी हुई है.
जनरलगंज में इस तरह की दूसरी चोरी
जनरलगंज जैसी तंग बाजार में जहां पर हल्की सी आवाज पर आसपास के घरों में घटना का पता चल जाता हो, वहां पर इतनी बड़ी चोरी की वारदात हो गई लेकिन आसपड़ोस के लोगों को कुछ पता नहीं चला, इस पर सवाल खड़े हो रहे हैं. आक्रोशित व्यापारियेां ने पुलिस की गश्त पर भी सवाल उठाए हैं.आपको बता दें कि जनरलगंज और नौघड़ा कपड़ा बाजार से कलक्टरगंज थाना और बादशाहीनाका थाने की दूरी महज चंद मीटर की है, इसके बावजूद यहां पर चेारों ने जिस तरह से पूरी वारदात को अंजाम दिया, उससे पुलिस की गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं. आशंका इस बात की भी जताई जा रही है कि चोरों ने वारदात से पहले यहां पर रेकी भी की होगी. व्यापारियों का कहना है कि इससे पहले भी कुछ साल पहले इसी तरह की चोरी यहां पर हुई थी, उस घटना का खुलासा पुलिस आज तक नहीं कर पायी है.
अब इस घटना ने व्यापारियों के अंदर दहशत पैदा कर दी है. कानपुर कपड़ा कमेटी के पदाधिकारियों ने आक्रोश जताते कहा कि इस तरह की घटनाओ के बाद व्यापार कैसे सुरक्षित तरीके से होगा, इस पर सवाल खड़े हो रहे हैं. सवाल इस बात पर सबसे ज्यादा है कि जब चोरों ने शटर काटने के लिए इलेक्ट्रिक कटर चलाया होगा तो आसपास इसकी आवाज क्यों नहीं सुनाई दी.

