ABC News: कानपुर में स्वास्थ्य विभाग एक बार फिर चर्चा में है. यहां पर चल रहे सीएमओ विवाद में बुधवार को एक बार उस समय नया मोड़ आया, जब शासन ने सीएमओ डॉ. उदयनाथ का तबादला वापस श्रावस्ती कर दिया. डॉ. उदयनाथ को वापस पुरानी पोस्ट अपर मुख्य चिकित्साधिकारी के पद पर भेजा गया है. फोन पर हुई बातचीत में डॉ. उदयनाथ ने अपने तबादले की पुष्टि करते हुए बताया कि वह श्रावस्ती के लिए निकल भी चुके हैं.

गौरतलब हो कि कानपुर में सीएमओ रहे डॉ. हरिदत्त नेमी जब से यहां पर ज्वाइन किए हैं, तब से लगातार चर्चा में बने हुए हैं. पहले डीएम के अस्पतालों के निरीक्षण में मिली खामियों का मामला हो या फिर कुछ डॉक्टरों का लगातार तबादला, डॉ. हरिदत्त नेमी लगातार चर्चा में बने रहे. इस बीच, तीन ऑडियो वायरल हुए, जिसमें आवाज डॉ. हरिदत्त नेमी की बताई गई, इस वायरल ऑडियो में जो बातचीत रिकॉर्ड हुई, उसके बाद डीएम ने उनकी और ज्यादा ठन गई. मामला शासन तक पहुंचा तो शासन ने भी सख्त रवैया अपनाते हुए डॉ. नेमी को सस्पेंड करने के साथ मुख्यालय से अटैच कर दिया. इसके बाद डॉ. हरिदत्त नेमी हाईकोर्ट चले गए और वहां से अपने निलंबन के खिलाफ स्टे ले आए. इसके साथ-साथ उन्होंने वर्तमान सीएमओ डॉ. उदयनाथ की जॉइनिंग पर भी स्टे ले लिया. कोर्ट से स्टे मिलने के बाद डॉ. हरिदत्त नेमी पिछले दिनों फिर कानपुर आकर सीएमओ की कुर्सी पर बैठे और कार्यभार ग्रहण कर लिया.

इस दौरान वर्तमान सीएमओ डॉ. उदयनाथ भी आ गए. दोनों के बीच विवाद भी हुआ. दो दिनों तक चले विवाद के बाद पुलिस की मौजूदगी में डॉ. हरिदत्त नेमी को शासन जाने की बात कहकर कुर्सी से हटा दिया गया. चर्चा है कि हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में डॉ. हरिदत्त नेमी ने अवमानना याचिका दायर की थी. मामले की सुनवाई 17 जुलाई को होनी थी. हालांकि, इससे पहले ही स्वास्थ्य विभाग के सचिव की तरफ से तबादला आदेश निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया गया और सीएमओ डॉ. उदयनाथ को वापस उनके पुराने पद पर श्रावस्ती भेजने का आदेश जारी किया गया.वहीं, शासन ने डॉ. हरिदत्त नेमी का निलंबन भी स्थगित कर दिया है.

