ABC News: रिकॉर्ड गर्मी झेलने के बाद बुधवार को कानपुर में पहली बार तेज झमाझम बारिश हुई. करीब एक घंटे की बारिश ने शहर के हर हिस्से को जमकर भिगोया. मानसून की कानपुर में इंट्री से पहले हुई इस प्री मानसून की बारिश का सभी आनंद लेते हुए नजर आए. गर्मी से परेशान लोग छतों से लेकर सड़कों पर जमकर भीगे. करीब एक घंटे की बारिश में बादल ऐसा खुलकर बरसे कि हर तरफ पानी ही पानी नजर आया.

सीएसए के मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बुधवार को 33 मिलीमीटर बारिश हुई है. मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बुंदेलखंड के रास्ते मानसून यूपी में दाखिल हो चुका है. 27 को यह कानपुर में इंट्री करेगा. इस बीच बारिश ने तापमान को काफी लुढ़का दिया और अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. यह सामान्य से 9.2 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस पर रहा. मौसम विभाग ने 30 जून तक तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है.

कानपुर में मानसून आने से पहले इंद्रदेव ने जो जलभराव का ट्रेलर दिखाया है, वह यह बताने के लिए काफी है कि इस बरसात में एक बार फिर सड़कें नदी और तालाब में तब्दील होने को तैयार हैं. प्री मानसून की तेज बारिश ने कानपुर की सड़कों पर ऐसा जलभराव किया कि हर कोई इन दृश्यों को अपने मोबाइल में कैमरे में कैद करने के लिए बेताब दिखा. बारिश ने गर्मी और उमस से भले ही निजात दिलाई हो लेकिन जगह जगह हुए जलभराव ने नगर निगम की तरफ से की गई नाला सफाई पर जरूर सवाल खड़े कर दिए.

आधी अधूरी नाला सफाई को लेकर पिछले कई दिनों से महापौर अपने अफसरों और अभियंताओं पर क्यों बरस रहीं थीं. इस बारिश ने बुधवार को उसके दर्शन भी करा दिए. बुधवार को हुई प्री मानसून की बारिश में जहां सीसामऊ नाला ओवरफ्लो होते हुए देखा गया. वहीं साउथ सिटी में गोविंदनगर, जूही, बसंतीनगर, साकेतनगर, किदवईनगर में सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं. बारिश की वजह से कई जगह लोगों के वाहन बंद हो गए. जूही खलवा पुल पर पानी भरा तो पुलिस ने सतर्कता अपनाते हुए दोनों तरफ बैरियर बंद कर दिए और राहगीरों को वापस भेज दिया.

इसी तरह मोतीझील, स्वरूपनगर, परमट, बिरहाना रोड जैसी सड़कों पर भी जलभराव देखा गया. पहली तेज बारिश के बाद जिस तरह से जलभराव कानपुर की सड़कों पर देखा गया, उसके बाद लोग नगर निगम अफसरों पर भी सवाल खड़े करते नजर आए.

