ABC News: चकेरी थानाक्षेत्र के सनिगवां में देर रात किन्नरों के दो गुट आपस में टकरा गए. इस दौरान किन्नरों के एक गुट ने दूसरे पक्ष के साथ लाठी डंडों से जमकर मारपीट की. बीच सड़क जमकर पथराव हुआ. इस बीच फायरिंग और चाकूबाजी की घटना हुई. किन्नरों के दो गुटों में हुए टकराव की यह घटना घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.

घायल किन्नर रोली गुड़िया का कहना है कि उनके क्षेत्र में पिछले करीब तीन वर्षों से नौबस्ता से किन्नर काजल, विनीता, पायल आदि आकर वसूली करती हैं. इसको लेकर कई बार विरोध जताया जा चुका है लेकिन वह लोग मानने को तैयार नहीं है. पुलिस से भी शिकायत की गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई. घायल किन्नर ने बताया कि देर रात कई गाड़ियों में काजल, विनीता, पायल आदि के साथ उसके समर्थक आए और पथराव शुरू कर दिया. उन लोगों ने मारपीट करने के अलावा उसके चाकू भी मारा और फायरिंग भी की.

इस दौरान पूरे क्षेत्र में दहशत का आलम देखा गया. इस बीच, घायल किन्नर ने हमलावरों का एक तमंचा भी छीन लिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने कई गाड़ियों को बरामद करने के साथ एक शख्स को हिरासत में लिया है. पीड़ित का कहना है कि अगर उसे न्याय नहीं मिलता है वह लखनऊ जाकर अपनी गुहार को लगाएगी.

