ABC News: काउंसिल फॉर इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन की ICSE-ISC की परीक्षा में शीलिंग हाउस स्कूल के छात्र ओजस्वित पसरीचा ने सभी विषयों में पूर्णांक प्राप्त कर 100 प्रतिशत अंक हासिल किए है. 12वीं की परीक्षा में ओजस्वित ने सभी विषयों में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर रिकॉर्ड बनाया है. इसके अलावा दसवीं की परीक्षा में श्रेष्ठी सिंह ने 99.8 प्रतिशत अंक लाकर सिटी टॉप किया है. सुबह 11 बजे जैसे ही ICSE-ISC की परीक्षा का रिजल्ट आया.
वैसे ही शीलिंग हाउस स्कूल का कैंपस सफलता के शोर से गुंजायमान हो उठा. स्टूडेंट्स के साथ उनके पैरेंट्स भी पूरे जोश और उत्साह के साथ पहुंचे. उत्साह के इन पलों के बीच यहां की प्रिंसिपल वनिता मेहरोत्रा में भी स्टूडेंट्स के साथ उनकी सफलता को जमकर चियर किया. इस दौरान एक दूसरे केा मिठाई खिलाकर सफलता का आनंद उठाया गया. 12वीं की परीक्षा में शत प्रतिशत अंक लाने वाले ओजस्वित पासरीचा का कहना है कि इस तरह का परिणाम आने की उसे भी उम्मीद नहीं थी. उसने हमेशा नियमित पढ़ाई पर ध्यान दिया, पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करने के साथ ही जेईई की तैयारी की. आईएससी बेंग्लुरू में दाखिले की इच्छा जाहिर करने वाले ओजस्वित का कहना है कि वह आगे चलकर मैथ्स में रिसर्च करना चाहता है. डेटा एनालिस्ट के साथ अर्थशास्त्र विषय में भी काम करने की इच्छा है, सोशल मीडिया को लेकर ओजस्वित का कहना है कि यह बुरी चीज नहीं है, बस कंट्रोल होना चाहिए. पढ़ाई के समय फोन हमेशा बंद रहना चाहिए.
वहीं दसवीं की टॉपर श्रेष्ठी सिंह का कहना है कि दो से तीन घंटे तक सेल्फ स्टडी करके सफलता हासिल की है, श्रेष्ठी के पैरेंट्स ने उसे अभी तक फोन भी नहीं दिलाया, जिससे सोशल मीडिया से वह दूर है. श्रेष्ठी का कहना है कि नियमित पढ़ाई और टीचर्स पर विश्वास बहुत जरूरी है.

