ABC News: प्राइवेट स्कूलों में चल रही मनमानी के खिलाफ डीएम ने बड़ा एक्शन लिया है. डीएम की अध्यक्षता में गठित शुल्क नियामक समिति ने उप्र स्ववित्तपोषित स्वत्रत विद्यालय (शुल्क विनियमन) अधिनियम 2018 के प्रावधानों का उल्लंघन करने पर दो स्कूलों पर एक—एक लाख रूपए का जुर्माना लगाया है. दोनों स्कूलों का यह जुर्माना एक सप्ताह में जमा करना होगा.

जुर्माने की यह कार्रवाई स्वर्ण जयंती विहार, कोयलानगर के सुघर सिंह एकेडमी और रतनलालनगर स्थित द चिंटल्स स्कूल पर हुई है. गौरतलब हो कि पिछले दिनों स्कूलों की मनमानी के खिलाफ डीएम ने जांच बैठाई थी. यही नहीं, जितेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जनपदीय शुल्क नियामक समिति का गठन भी हुआ था. जिसमें विद्यालय द्वारा मनमानी फीस मसूले जाने तथा दुकान विशेष से पाठ्य पुस्तके, यूनीफार्म खरीदे जाने की प्राप्त शिकायतों के क्रम में विद्यालय ने भी अपनी रिपोर्ट भेजी थी. इसके बाद समिति ने जब जांच की तो पाया कि सुघर सिंह एकेडमी ने तय बिंदुओं का उल्लंघन किया है, जिसके बाद सुघर सिंह एकेडमी, स्वर्ण जयंती विहार, कोयलानगर को दोषी मानते हुए न केवल एक लाख का जुर्माना लगाया गया, बलिक् छात्रों से ली गई अधिक फीस को वापस करने को भी कहा गया है. इसी तरह चिंट्ल्स स्कूल, रतनलालनगर भी कई नियमों का उल्लंघन करता हुआ पाया गया. जांच में पाया गया कि चिंट्ल्स स्कूल, रतनलालनगर में जो स्टूडेंट्स पढ़ रहे हैं, उन्हें गोविंदनगर स्थित फेयरडील बुक स्टॉल से पुस्तकें खरीदने को कहा जा रहा है. इसके बाद चिंट्ल्स स्कूल पर भी एक लाख का जुर्माना लगाया गया. इसके अलावा अध्ययनरत छात्रों से ली गई अधिक फीस को वापस करने के निर्देश दिए गए हैं. जिलाधिकारी द्वारा दोनों विद्यालय पर लगाये गया अर्थदण्ड एक लाख रूपए को जिला विद्यालय निरीक्षक के पदनाम से संचालित बैंक खाते में एक सप्ताह के अन्दर जमा कराये जाने के निर्देश दिये गये हैं

