ABC News: दीपों के पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाने के साथ ही अब सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैंं. दीपावली के छह दिन बाद मनाए जाने वाले छठ पर्व को लेकर पनकी, अरमापुर समेत अन्य स्थानों पर नहर घाटों पर तैयारियां शुरू हो गई हैं.

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मइया की पूजा करने से व्रती को आरोग्यता, सुख-समृद्धि, संतान सुख का आशीर्वाद प्राप्त होता है. कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से लेकर सप्तमी तिथि तक मनाए जाने वाले छठ पूजा की शुरूआत नहाय खाय के साथ होती है. दूसरे दिन खरना होता है.

तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को व्रती महिलाएं नदी, नहर, तालाब आदि में खड़े होकर अर्घ्य देती हैं और चौथे दिन उगते हुए सूर्यदेव को अर्घ्य देने के साथ ही छठ के व्रत का पारायण होता है. आपको बता दें कि जो लोग छठ पूजा का व्रत रखते हैं. वे खरना के बाद से ही 36 घंटे का निर्जला व्रत भी रखते हैं. इसी को लेकर नहर घाटों पर पूर्वांचल समाज के लोग तैयारियों में जुट गए हैं.

कानपुर में छठ पूजा का सबसे बड़ा आयोजन पनकी और अरमापुर नहर घाट पर होता है. यहां पर सूर्यदेव मंदिर के रंगरोगन के साथ नहर घाट पर छठ पूजा समिति की तरफ से बैरीकेडिंग की गई है.

इसके अलावा वेदियों के आसपास साफ सफाई और रंगरोगन का काम शुरू हो गया है. इसमें घर के पुरूष और महिलाएं सभी हाथ बंटाने में जुटी हैं, सभी के अंदर छठ पूजा को लेकर उत्साह देखा जा रहा है.

