ABC News: सनातन बोर्ड के गठन की मांग को प्रखरता से उठा रहे कथावाचक देवकी नंदन ठाकुर ने इसका पूरा प्रारूप मीडिया के सामने रखा है. सनातन बोर्ड के प्रारूप को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताते हुए कथावाचक देवकी नंदन ठाकुर ने कहा कि इसे चारों शंकराचार्यों के संरक्षण में गठित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सनातन बोर्ड को प्रमुख विषय धर्मस्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ ही मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कराना होगा.

देश में चार लाख मंदिर अभी सरकार के नियंत्रण में है, ऐसे में मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कराकर सनातन बोर्ड के दायरे में जब लाया जाएगा. तो मंदिरों में चढ़ावा चढ़ता है. उस धनराशि से मॉडर्न गुरूकुलम, औषधालय और गौशालाएं खोली जाएंगी. गुरूकुलम में संस्कार युक्त आधुनिक शिक्षा छात्र छात्राओं को प्रदान की जाएगी. यहां पर शिक्षा से लेकर इलाज पूरी तरह से हिंदुओं के लिए निशुल्क रहेगा. इसके अलावा मंदिर की संपत्ति, देवभूमि और निधियों की सुरक्षा की जाएगी. सनातन बोर्ड में प्रमुख हिंदु संगठनों को शामिल किया जाएगा लेकिन इसमें सरकार का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं होगा.
वक्फ बोर्ड की तरह सनातन बोर्ड के लिए अधिकारों की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि गरीब, आदिवासियों की वित्तीय मदद कर उनका धर्म परिवर्तन रोकने का काम भी किया जाएगा. वक्फ बोर्ड की तरह सनातन बोर्ड में पृथक न्याय व्यवस्था होगी, जिसमें सनातन के ग्रंथों, देवी देवताओं के अपमान से लेकर अन्य विषयों में सुनवाई होगी. जिस तरह से कंपनियों खाद्य पदार्थों में हलाल सर्टिफिकेट लगाती हैं, वैसे ही उन्हें सनातन बोर्ड से भी प्रमाण पत्र लेना होगा. यही नहीं, सनातन के विरोध में बयान देने वालों से लेकर फिल्मों में गलत छवि पेश करने वाले लोगों पर केस चलेंगे. लव जिहाद जैसे विषयों पर जागरूक कर युवक युवतियों का विवाह कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ में सनातन बोर्ड का अंतिम प्रारूप रखा जाएगा. वह लोग मांग कर रहे हैं संसद में इस विषय पर चर्चा कर एक्ट बनाया जाए, इसके पहले शुक्रवार को मोतीझील मैदान में सनातन संत सम्मेलन और 30 नवंबर को सनातन पदयात्रा निकाली जाएगी.

मथुरा को लेकर कही ऐसी बात
कथा वाचक देवकी नंदन ठाकुर ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा के लिए उन्होंने कोर्ट में एप्लीकेशन डाली हुई है. जिस दिन प्रार्थना पत्र पर सुनवाई हुई, उस दिन जांच में सारा सच सामने आ जाएगा. उन्होंने कहा कि मथुरा में सबकुछ प्रत्यक्ष है. उन्होंने दावा कि मथुरा में जामा मस्जिद की सीढ़ियों की भी जांच होनी चाहिए, तो सारी बातें खुद ब खुद सामने आ जाएंगी.

