ABC News: अमृत भारत स्टेशन के तहत विकसित किए गए गोविंदपुरी स्टेशन का वर्चुअली लोकार्पण 22 मई को पीएम मोदी करेंगे. दरअसल, अमृत भारत स्टेशन के तहत जिन 103 स्टेशनों को पहले चरण में विकसित किया गया है. उसमें प्रयागराज मंडल के गोविंदपुरी और करछना स्टेशन शामिल हैं.
डिप्टी सीटीएम आशुतोष सिंह ने बताया कि 22 मई को सुबह साढ़े नौ बजे गोविंदपुरी स्टेशन का वर्चुअली लोकार्पण पीएम मोदी करेंगे. गोविंदपुरी स्टेशन पर आयोजित होने वाले समारोह में सभी जनप्रतिनिधियों के अलावा सामाजिक, व्यापारिक और अन्य संगठनों को बुलाया गया है. समारोह में आपरेशन सिंदूर को समर्पित देशभक्ति के कार्यक्रम भी होंगे. उन्होंने बताया कि गोविंदपुरी स्टेशन का कायाकल्प करीब साढ़े 25 करोड़ की लागत से किया गया है. इसमें नई बिल्डिंग के अलावा एग्जीक्यूटिव लाउंज, कैफेटेरिया, सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवरब्रिज समेत तमाम यात्री सुविधाओं को विकसित किया गया है. उन्होंने बताया कि वर्तमान में गोविंदपुरी स्टेशन पर 37 जोड़ी गाड़ियों का ठहराव होता है. भविष्य में यहां पर ट्रेनों के ठहराव की संख्या को और बढ़ाया जाएगा.

