ABC News: बिठूर थानाक्षेत्र के फॉर्म हाउस के केयरटेकर की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. केयरटेकर की हत्या नलों की टोटी चोरी करने के विरोध में की थी. पुलिस ने हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि आठ अगस्त को बिठूर के केशव वाटिका फॉर्म हाउस में केयर टेकर की हत्या की गई थी.
फॉर्म हाउस के कमरे में केयर टेकर का शव मिला था. पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो उसे सुराग मिला और फिर उसने बिठूर निवासी विनय सिंह चौहान को गिरफ्तार किया. पुलिस पूछताछ में आरेापी ने बताया कि वह नशे में फॉर्म हाउस की बाउंड्री वॉल फांदकर अंदर गया और उसके बाद नलों की टोटियां निकाल रहा था, तभी आहट सुनकर केयरटेकर आ गया और विरोध किया. इस दौरान दोनों के बीच गाली गलौच हुए, जिसके बाद आरोपी ने केयर टेकर के सिर पर साबड़ मारकर उसकी हत्या कर दी और उसकी साईकिल, मोबाइल, सिलेंडर और चोरी की गई टोटियां लेकर फरार हो गया.
डीसीपी ने बताया कि आरोपी नशे का लती है और पूर्व में भी इस पर चोरी के दो मुकदमें दर्ज हैं.

